Home छत्तीसगढ़ तीन साल से जन्म प्रमाण पत्र का इंतजार, अब पूरा परिवार बैठा...

तीन साल से जन्म प्रमाण पत्र का इंतजार, अब पूरा परिवार बैठा भूख हड़ताल पर

51
0
Spread the love
दो बच्चों के जन्म पंजीयन का मामला, तहसील परिसर में बैठा परिवार,
प्रशासन से तत्काल प्रमाण पत्र जारी करने की मांग,

पृथक छत्तीसगढ़/सक्ती।

जिले के भोंथिया तहसील क्षेत्र में दो बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से परेशान एक परिवार अब तहसील कार्यालय परिसर के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गया है। आमापाली निवासी संतोष कुमार पटेल का आरोप है कि करीब तीन साल से पंचायत और प्रशासनिक स्तर पर आवेदन एवं शिकायत करने के बावजूद उनके दोनों बच्चों का जन्म पंजीयन और प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया। परिवार के मुताबिक, संतोष पटेल के बच्चों गुड़वनत्तिन पटेल की जन्म तिथि 12 अक्टूबर 2021 और दुर्गा पटेल की जन्म तिथि 15 नवंबर 2022 है। दोनों बच्चों के जन्म पंजीयन एवं प्रमाण पत्र के लिए ग्राम पंचायत में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया गया था। इसके बाद भी मामला अब तक लंबित है।
प्रमाण पत्र नहीं, बच्चों के जरूरी दस्तावेज अटके
परिवार का कहना है कि जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण बच्चों के आधार कार्ड बनवाने, स्कूल में प्रवेश और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार ने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। संतोष पटेल द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में भी शिकायत किए जाने की बात कही गई है।

समाधान नहीं हुआ तो भूख हड़ताल का फैसला
लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं होने का आरोप लगाते हुए संतोष कुमार पटेल, उनकी पत्नी नेहा पटेल और परिवार के अन्य सदस्य बच्चों सहित भोंथिया तहसील कार्यालय परिसर के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।
परिवार की मांग है कि दोनों बच्चों का तत्काल जन्म पंजीयन कराकर जन्म प्रमाण पत्र जारी किया जाए। साथ ही इतने लंबे समय तक मामला लंबित रहने के कारणों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की गई है।
अब सवाल यह है कि बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जैसे बुनियादी दस्तावेज के लिए एक परिवार को तीन साल तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर क्यों लगाने पड़े..? परिवार के भूख हड़ताल पर बैठने के बाद प्रशासन इस मामले में कितनी जल्दी कार्रवाई करता है, यह देखने वाली बात होगी।