Home छत्तीसगढ़ मनरेगा में फर्जी हाजिरी का खेल..? जेसीबी से खुदाई, मजदूरों के नाम...

मनरेगा में फर्जी हाजिरी का खेल..? जेसीबी से खुदाई, मजदूरों के नाम पर भुगतान के आरोप

32
0
Spread the love

शेख मुबारक @ पृथक छत्तीसगढ़/सक्ती। 

 

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला मुख्यालय के करीब ग्राम पंचायत सकरेली में मनरेगा कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। तालाब गहरीकरण कार्य में बड़े पैमाने पर कथित अनियमितताओं और सरकारी राशि के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा के तहत जिस कार्य में मजदूरों से काम कराया जाना था, वहां 90% खुदाई जेसीबी मशीन से कराई गई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में मजदूरों की हाजिरी दर्ज कर लाखों रुपये के भुगतान का खेल किए जाने की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि मौके पर करीब 40/50 मजदूर ही काम करते थे, जबकि रिकॉर्ड में कहीं अधिक संख्या दर्शाई गई।
शिकायत में रोजगार सहायिका पर अपने चहेते लोगों के नाम से फर्जी हाजिरी भरवाने और बिना नियमित काम किए भुगतान दिलाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जांच में आरोपों की पुष्टि होगी तो यह मनरेगा की मंशा और सरकारी नियमों के साथ सीधा खिलवाड़ है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा रोजगार सहायिका को ग्राम पंचायत सकरेली से हटाने की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने जांच कराने का आश्वासन देते हुए कहा है कि आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।