Home छत्तीसगढ़ पुलिस–पत्रकार संवाद से मजबूत होगा जनविश्वास, मालखरौदा थाने में समन्वय बैठक आयोजित

पुलिस–पत्रकार संवाद से मजबूत होगा जनविश्वास, मालखरौदा थाने में समन्वय बैठक आयोजित

18
0
Spread the love

नवनियुक्त थाना प्रभारी वी.एन. शर्मा ने पत्रकारों से मांगा सहयोग, निष्पक्ष सूचना और बेहतर कानून व्यवस्था पर हुआ मंथन

पृथक छत्तीसगढ़/मालखरौदा।

पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता एवं प्रभावी संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से मालखरौदा थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त थाना प्रभारी वी.एन. शर्मा ने की। बैठक में थाना के समस्त स्टॉफ सहित क्षेत्र के पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी वी.एन. शर्मा ने कहा कि पुलिस और पत्रकार दोनों ही समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। पुलिस जहां कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए कार्य करती है, वहीं पत्रकार निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जानकारी समाज तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। दोनों के बीच बेहतर तालमेल से न केवल जनविश्वास मजबूत होता है, बल्कि अफवाहों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि किसी भी संवेदनशील मामले में तथ्यात्मक एवं प्रमाणिक जानकारी को प्राथमिकता दें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सकारात्मक सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों और शिकायतों पर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करेगी।
बैठक के दौरान सभी पत्रकारों एवं पुलिस अधिकारियों ने एक-दूसरे का परिचय प्राप्त किया। क्षेत्र की कानून व्यवस्था, जनसुरक्षा, यातायात, अपराध नियंत्रण तथा अन्य जनसरोकार के विषयों पर खुलकर चर्चा हुई। पत्रकारों ने भी स्थानीय समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को पुलिस के समक्ष रखा, जिन पर थाना प्रभारी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पत्रकारों ने कहा कि वे निष्पक्ष, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से पुलिस प्रशासन का सहयोग करते रहेंगे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में पुलिस और पत्रकारों ने भविष्य में भी नियमित संवाद एवं समन्वय बैठकों के आयोजन पर सहमति व्यक्त की, ताकि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।