शेख मुबारक @ पृथक छत्तीसगढ़/सक्ती।
मुख्यमंत्री के अवैध उत्खनन पर सख्त निर्देशों के बाद सक्ती जिले में रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। जैजैपुर क्षेत्र के मिरौनी बैराज में थाना हसौद पुलिस और खनिज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महानदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन और तीन हाईवा वाहन जब्त किए गए। मौके पर मौजूद चालक और आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने खनिज चोरी और अवैध उत्खनन की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महानदी के मिरौनी बैराज के नीचे लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर की सूचना पर थाना हसौद पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक चैन माउंटेन मशीन और तीन हाईवा वाहन अवैध रूप से रेत भरते मिले। पुलिस टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।





