Home छत्तीसगढ़ ओड़ेकेरा समिति प्रबंधक विवाद में नया मोड़, सैकड़ों किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचे,...

ओड़ेकेरा समिति प्रबंधक विवाद में नया मोड़, सैकड़ों किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, सौंपा ज्ञापन

30
0
Spread the love

 

प्रबंधक पर दुर्व्यवहार का आरोप को बताया झूठा और राजनीतिक द्वेष

पृथक छत्तीसगढ़@सक्ती।

ओड़ेकेरा सेवा सहकारी समिति प्रबंधक गेसराम बंजारे को हटाने की मांग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पूरी तरह नया मोड़ ले चुका है। जिस प्रबंधक पर किसानों के साथ दुर्व्यवहार और खाद-बीज वितरण में गड़बड़ी के आरोप लगाकर चक्का जाम किया गया था, अब उसी प्रबंधक के समर्थन में सैकड़ों किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए। आज किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए साफ कहा कि प्रबंधक गेसराम बंजारे ने उनके साथ कभी किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं किया है। किसानों ने इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक द्वेष का परिणाम बताया और कहा कि झूठे आरोप लगाकर प्रबंधक की छवि धूमिल करने की साजिश रची गई है।

 

इससे पहले 19 अगस्त को हुई जांच कार्यवाही और पंचनामा में भी आरोपों के ठोस प्रमाण नहीं मिले थे। जांच अधिकारियों ने समिति में खाद-बीज और ऋण वितरण को नियमानुसार पाया तथा भंडार में पर्याप्त स्टॉक की उपलब्धता की पुष्टि की थी। शिकायतकर्ता किसानों की ओर से भी जांच के दौरान किसी तरह का लिखित सबूत नहीं दिया गया।

 

अब स्थिति यह है कि एक ओर आंदोलन कर चुके किसानों का समूह प्रबंधक को हटाने की मांग पर अड़ा है, तो दूसरी ओर बड़ी संख्या में किसान समिति प्रबंधक गेसराम बंजारे के खुले समर्थन में सामने आ गए हैं। कलेक्टर कार्यालय में सौंपे गए इस नए ज्ञापन के बाद विवाद ने और तूल पकड़ लिया है। प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती है कि वह एसडीएम के लिखित आश्वासन और जांच रिपोर्ट के साथ-साथ किसानों के इस नए समर्थन पत्र के बीच संतुलन कैसे साधे।
इलाके में चर्चा गर्म है कि क्या प्रबंधक हटाए जाएंगे या फिर किसानों के समर्थन और जांच प्रतिवेदन के आधार पर उन्हें क्लीन चिट दी जाएगी। कुल मिलाकर ओड़ेकेरा समिति विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक टकराव का रूप लेता जा रहा है।