Home Uncategorized धान और बरदाने में गड़बड़ी के कथित आरोपी को बना दिया पुनः...

धान और बरदाने में गड़बड़ी के कथित आरोपी को बना दिया पुनः धान खरीदी प्रभारी, प्राधिकृत अधिकारी की आपत्ति भी बेअसर

6
0
Spread the love

जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल 

पृथक छत्तीसगढ़/सक्ती।

जिले में धान खरीदी शुरू होने के साथ ही कुछ धान खरीदी केंद्र में प्रभारी की नियुक्ति को लेकर विवाद सामने आने लगा है। सेवा सहकारी समिति फगुरम पंजीयन क्रमांक 63 के उपार्जन केंद्र भांटा में धान खरीदी प्रभारी की नियुक्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला एक ऐसे कर्मचारी को खरीदी प्रभारी बनाए जाने का है, जिसके पूर्व कार्यकाल में 670.40 क्विंटल धान जिसकी कीमत करीब 16 लाख 76 हजार रुपए है साथ ही 9 लाख 27 हजार 6 सौ के करीब बारदाने की कमी सामने आने का आरोप है। इतना ही नहीं, संबंधित कर्मचारी को पूर्व में पद से पृथक किए जाने और उसके विरुद्ध वसूली संबंधी कार्रवाई का हवाला देते हुए समिति तथा प्राधिकृत अधिकारी ने भी नियुक्ति पर आपत्ति जताई है। इसके बावजूद जिला स्तर से जारी आदेश में उसे खरीदी प्रभारी बना दिया गया।

 

दस्तावेजों के अनुसार, वर्ष 2020-21 में फगुरम उपार्जन केंद्र में विरेंद्र कुमार महान को धान खरीदी प्रभारी बनाया गया था। उनके कार्यकाल में 35,478.40 क्विंटल धान खरीदी गई, जबकि 34,808 क्विंटल धान का ही परिवहन कराया गया। इस प्रकार 670.40 क्विंटल धान की कमी, और 9 लाख 27 हजार 6 सौ के बारदाने की कमी दर्ज होने का उल्लेख समिति के पत्र में किया गया है। समिति का दावा है कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से पृथक किया गया था। साथ ही वसूली के लिए सहकारी संस्थाएं जांजगीर में धारा 64 के तहत प्रकरण दर्ज किए जाने की बात भी पत्र में कही गई है।

वहीं, 11 नवंबर 2026 को जिला कलेक्टर को दिए गए आवेदन में प्राधिकृत अधिकारी ने विरेंद्र कुमार महान को पुनः खरीदी प्रभावी बनाए जाने पर सवाल उठाए हैं। आवेदन के मुताबिक, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समिति की बैठक में वर्तमान प्रभारी संस्था प्रबंधक के पांच वर्षों के कार्य अनुभव और बेहतर रिकॉर्ड को देखते हुए उनके नाम का प्रस्ताव पारित किया गया था। लेकिन जिला कार्यालय के आदेश क्रमांक 4662 दिनांक 06 नवंबर 2026 के तहत विरेंद्र कुमार महान को धान उपार्जन केंद्र भांटा का धान खरीदी प्रभारी नियुक्त कर दिया गया। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में तत्कालीन जिला कलेक्टर द्वारा विरेंद्र कुमार महान सहित अन्य कर्मचारियों को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर खरीदी के दायित्वों से अलग किया गया था। ऐसे में पुराने रिकॉर्ड और पूर्व कार्रवाई को नजरअंदाज कर दोबारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने पर प्राधिकृत अधिकारी ने आपत्ति जताई है।

इधर, सेवा सहकारी समिति फगुरम के अध्यक्ष ने भी जिलाधीश को अलग से आवेदन देकर विरेंद्र कुमार महान को खरीदी केंद्र के प्रभारी पद से तत्काल हटाने की मांग की है। समिति ने आशंका जताई है कि पूर्व में धान की कमी और वसूली से जुड़ा मामला होने के बावजूद उन्हें जिम्मेदारी देना खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है।

 

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब समिति ने दूसरे कर्मचारी के नाम का प्रस्ताव भेजा था और प्राधिकृत अधिकारी ने भी नियुक्ति पर आपत्ति दर्ज कराई थी, तो फिर पुराने विवादों में घिरे कर्मचारी को धान खरीदी की जिम्मेदारी किस आधार पर सौंपी गई..? क्या नियुक्ति से पहले संबंधित कर्मचारी के पुराने रिकॉर्ड और लंबित वसूली प्रकरण की समीक्षा की गई थी..? फिलहाल इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका और नियुक्ति आदेश के आधार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।