Home छत्तीसगढ़ दुकान का अस्तित्व नहीं, ग्राम पंचायतों में पहुंच रहा लाखों का बिल!

दुकान का अस्तित्व नहीं, ग्राम पंचायतों में पहुंच रहा लाखों का बिल!

32
0
Spread the love
सामग्री खरीदी पर गंभीर सवाल, जांच हुई तो खुल सकता है पंचायतों में बिलों का खेल
शेख मुबारक
पृथक छत्तीसगढ़/जैजैपुर।
सक्ती जिले के जैजैपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत तुषार में सरकारी राशि से होने वाली खरीदी अब सवालों के घेरे में है। जहां ऐसे कई बिल सामने आया है, जिसने पंचायतों में खरीदी की पारदर्शिता और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला विजय कुमार चन्द्रा के नाम से जारी बिल का है। आरोप है कि संबंधित दुकान का मौके पर वास्तविक अस्तित्व और संचालन नहीं है, इसके बावजूद ग्राम पंचायत तुषार में इसी दुकान के नाम से बिल प्रस्तुत किया गया है।
अब सवाल यह है कि जब संबंधित दुकान का मौके पर संचालन ही नहीं है, तो वहां से सामग्री की खरीदी कैसे हुई ? क्या वास्तव में सामग्री की आपूर्ति की गई या फिर केवल कागजों में खरीदी दर्शाकर बिल तैयार किया गया..?
बिना दुकान भौतिक सत्यापन के कैसे आगे बढ़ रही है भुगतान प्रक्रिया..?
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल उन जिम्मेदारों की भूमिका पर है, जिन्होंने खरीदी से संबंधित बिल को स्वीकार किया। क्या भुगतान से पहले दुकान के वास्तविक अस्तित्व की जांच की गई..? क्या सामग्री की आपूर्ति का भौतिक सत्यापन हुआ..? यदि दुकान ही संचालित नहीं है तो बिल की प्रमाणिकता की जांच किस आधार पर की गई..?
जांच के दायरे में आएं बिल और भुगतान के रिकॉर्ड, तो खुलेंगे राज
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित दुकानदार का पंजीयन, दुकान का वास्तविक पता, जीएसटी रिकॉर्ड, सामग्री आपूर्ति के दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर और ग्राम पंचायत के भुगतान अभिलेखों की जांच जरूरी है। साथ ही यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि ऐसी दुकान के नाम से जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी बिल प्रस्तुत किए गए हैं या नहीं।
सरकारी राशि जनता के पैसे से खर्च होती है। ऐसे में कागजों पर खरीदी और वास्तविक आपूर्ति के बीच अंतर की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में जांच कराता है या फिर पंचायतों में बिलों के आधार पर होने वाली खरीदी का सिलसिला यूं ही जारी रहता है।
आपके माध्यम से जानकारी मिली है दुकान का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा, कही कोई गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
श्री संदीप कश्यप, सीईओ जनपद पंचायत जैजैपुर।