रायपुर: वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय दल द्वारा 114 पदकों की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने अपनी असाधारण प्रतिभा, अदम्य साहस और उत्कृष्ट प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व और उल्लास का क्षण है।
श्री चौधरी ने कहा कि एशियन पैरा गेम्स में 114 पदकों का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भारतीय पैरा खेलों की बढ़ती ताकत, खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और उनके अटूट आत्मविश्वास का प्रतीक है। देश के पैरा चौंपियनों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयों को हासिल किया जा सकता है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय पैरा खिलाड़ियों की सफलता केवल पदकों और रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे संघर्ष, साहस, धैर्य और कभी हार न मानने के संकल्प की अनगिनत प्रेरणादायी कहानियां हैं। इन खिलाड़ियों ने जीवन की चुनौतियों को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाया है। उनकी संघर्षपूर्ण यात्रा देश के करोड़ों युवाओं को बाधाओं से न घबराने, बड़े सपने देखने, पूरी लगन से कार्य करने और हर परिस्थिति में सकारात्मक बने रहने का संदेश देती है।
श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय पैरा खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता ने देश में खेलों के प्रति उत्साह और विश्वास को नई मजबूती दी है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन भारत की खेल प्रतिभाओं, सामर्थ्य और बढ़ते आत्मविश्वास को प्रदर्शित करता है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों, विशेषकर दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने सभी पदक विजेताओं, भारतीय दल के सदस्यों, प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ, खिलाड़ियों के परिवारों और समर्थकों को हार्दिक बधाई एवं अभिनंदन दिया। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक सफलता में खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों और परिवारों के त्याग, सहयोग एवं समर्पण का भी महत्वपूर्ण योगदान है।
श्री चौधरी ने भारतीय पैरा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से देश के लिए नई उपलब्धियां अर्जित करेंगे तथा विश्व पटल पर तिरंगे की शान बढ़ाते रहेंगे।




