सक्ती जिले के हसौद थाना से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार हसौद थाने में पदस्थ आरक्षक जय लहरें का शव थाना भवन की ऊपरी मंजिल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया और तत्काल आरक्षक को नीचे उतारकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) हसौद ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आरक्षक को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आरक्षक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।