शौचालय में बर्तन धोने का वायरल वीडियो बना कार्रवाई की वजह, लाइसेंस निलंबित, नमूने जांच के लिए भेजे गए
पृथक छत्तीसगढ़/सक्ती।
जिले में संचालित पापा ढाबा का शौचालय में बर्तन धोने का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। खबर प्रसारित किए जाने के बाद विभाग हरकत में आया और संयुक्त जांच दल ने ढाबे का औचक निरीक्षण किया। जानकारी के अनुसार 16 जुलाई 2026 को खबर और वायरल वीडियो के आधार पर पापा ढाबा का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान ढाबे में अस्वच्छ एवं अमानक परिस्थितियां पाई गईं। वायरल वीडियो में कर्मचारी द्वारा शौचालय में बर्तन धोते हुए दिखाई देने के मामले को गंभीरता से लेते हुए ढाबा संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। निरीक्षण के दौरान ढाबे में उपयोग किए जा रहे गूंथे हुए आटे (लूई) का नमूना भी जांच के लिए लिया गया, जिसे प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत ढाबा संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही जनस्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ढाबे का खाद्य लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि संचालक द्वारा नोटिस का संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत ढाबे का लाइसेंस निरस्त करने सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य होटल, ढाबा और खाद्य प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप का माहौल है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता के मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की चेतावनी दी है।