Home छत्तीसगढ़ बस्तर में स्वास्थ्य का सबसे बड़ा आउटरीच अभियान -4.916लाख स्क्रीनिंग, 5,645 मरीजों...

बस्तर में स्वास्थ्य का सबसे बड़ा आउटरीच अभियान -4.916लाख स्क्रीनिंग, 5,645 मरीजों को मिला विशेषज्ञ उपचार….

15
0
Spread the love

रायपुर: बस्तर के सुदूर और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को लेकर चल रहा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान अब बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का मजबूत आधार बनता जा रहा है। सीमित व दुर्गम दूरस्थ पहुंच वाले इलाकों में पहली बार इस स्तर पर व्यापक स्क्रीनिंग अभियान संचालित करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 4,96,889 से अधिक नागरिकों तक सीधी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई हैं।

कुल 35,13,963 लक्षित आबादी में से लगभग 14 प्रतिशत की स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है, जो अभियान की तीव्र प्रगति को दर्शाता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस प्रक्रिया में केवल जांच ही नहीं, बल्कि उपचार की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं। अब तक 5,645 गंभीर मरीजों को चिन्हित कर उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया, जहां उन्हें विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलों में अभियान को और गति देने के लिए विशेष रणनीति के तहत मैदानी टीमों की सक्रियता बढ़ाई गई है।

स्वास्थ्य टीमें सीधे गांवों तक पहुंचकर कैंप आधारित जांच कर रही हैं, जहां मौके पर ही दवा, परामर्श और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेफरल की सुविधा दी जा रही है। मोबाइल मेडिकल यूनिट्स, स्वास्थ्य शिविर और डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल (आभा) जैसी व्यवस्थाएं इस अभियान को तकनीकी और संरचनात्मक मजबूती दे रही हैं।