Home क्राइम दिनदहाड़े पेट्रोल पंप में महिला कर्मचारी की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपी...

दिनदहाड़े पेट्रोल पंप में महिला कर्मचारी की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

94
0
Spread the love

 

पृथक छत्तीसगढ़/अंबिकापुर।

सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर गुरुवार दोपहर उस वक्त सनसनी से दहल उठा, जब एक युवक ने पेट्रोल पंप पर कार्यरत महिला कर्मचारी को बेरहमी से चाकू गोदकर मौत के घाट उतार दिया। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात ने शहरवासियों को सन्न कर दिया और पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, मृतका की पहचान भारती टोप्पो निवासी – मगाजी, पोस्ट शाहपुर, जिला बलरामपुर के रूप में हुई है। वह अंबिकापुर के श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप में बतौर कर्मचारी कार्यरत थी।

कैसे हुई वारदात..?

ड्यूटी के दौरान अचानक आरोपी जोगेंद्र पैकरा, निवासी भुलसीकला, कुसमी, पेट्रोल पंप पहुंचा और धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, पहले उसने पेट में वार करने की कोशिश की, लेकिन बचाव के दौरान चाकू भारती के हाथ में गहराई तक घुस गया। इसके बाद आरोपी ने लगातार कई बार हमला किया, जिससे भारती मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, इस दौरान एक अन्य कर्मचारी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी के वार से वह भी घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद उसे धर-दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

 

शहर में दहशत और आक्रोश

दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई हत्या से पूरे शहर में दहशत फैल गई है। लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है।