पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा, मास्टरमाइंड सहित अन्य फरार
पृथक छत्तीसगढ़/सक्ती।
जिले के ऐतिहासिक पीला राजमहल में जो हुआ, उसने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। हथियारों से लैस गुंडों की टोली ने महल में घुसकर महिला से छेड़छाड़, लूटपाट, मारपीट और जातिगत अपमान जैसे शर्मनाक कृत्यों को अंजाम दिया। यह हमला किसी आम झगड़े का नतीजा नहीं था, बल्कि एक पूर्व नियोजित साजिश थी। जिसकी पटकथा तुर्री धाम में रची गई और मंच बना पीला राजमहल।

हमले की पटकथा, संपत्ति और साजिश का कॉकटेल
पुलिस के अनुसार थाना सक्ती में पीड़िता द्वारा दर्ज कराए गए आवेदन के मुताबिक, घटना दोपहर लगभग 3 बजे की है जब राजेश शर्मा, राजकुमार अग्रवाल और अमंक जोशी अपने साथियों के साथ लाठी, डंडा, हथौड़ा, टांगी जैसे हथियारों से लैस होकर महल में ताला तोड़ते हुए घुस आए। उनका मकसद साफ़ था की महल पर कब्जा जमाना और अंदर मौजूद लोगों को सबक सिखाना। आरोपियों ने महिला के कमरे में घुसकर उसका मोबाइल छीनकर तोड़ा, अलमारी से नकदी और जेवर निकाल लिए, और शारीरिक व मानसिक अपमान की सारी हदें पार कीं। महल में मौजुद सभी लोगों के साथ जमकर मारपीट की गई।
जातिगत गाली-गलौज, महिला मर्यादा का उल्लंघन
हमले में जहां पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की गई, वहीं जातिगत अपशब्दों से भी अपमानित किया गया। यह न सिर्फ एक संपत्ति विवाद था, बल्कि यह साफ़ तौर पर महिला और अनुसूचित जाति वर्ग को निशाना बनाकर किया गया अपराध है।

पुलिस की कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
घटना की जानकारी मिलते ही सक्ती पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घटना के बाद तत्काल घेराबंदी कर पुलिस ने 5 आरोपियों सहित 1 नाबालिक को मौके से गिरफ्तार कर लिया जिसमें 1. प्रशांत राठौर 2. भास्कर महिलांगे 3. सुनील यादव 4. कान्हा यादव 5. अमरदीप भैना 6. एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से कई आरोपियों के पास से लूटा गया कुल 48,300 रूपय नकद भी बरामद किया गया है। वहीं मास्टरमाइंड राजेश शर्मा, राजकुमार अग्रवाल और अमंक जोशी सहित अन्य फरार होने में कामयाब हो गए।
साजिश का खुलासा, तुर्री धाम में बना था षड्यंत्र
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूछताछ में खुलासा हुआ है कि राजकुमार अग्रवाल, राजेश शर्मा और अमंक जोशी ने घटना को अंजाम देने के लिए बाहरी गुंडों को इकठ्ठा कर तुर्री धाम में साजिश रची, हथियार बाँटे और हमला करने का निर्देश दिया। जिसके बाद इन आरोपीयों ने राजमहल में जमकर उत्पात मचाते हुए ऐतिहासिक पीला राजमहल में जो किया उसने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है।

सबूत पक्के फोटो, वीडियो, हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार पुलिस ने मौके से फोटोग्राफ्स, वीडियो फुटेज, टांगी, हथौड़े, डंडे और सेंट्रो कार समेत कई अहम सबूत बरामद किए हैं। महल के अंदर लूट और हमले के पूरे सबूत सघन निरीक्षण में दर्ज किए गए हैं। जिससे साफ पता चलता है कि आरोपी राजकुमार अग्रवाल, राजेश शर्मा और अमंक जोशी ने घटना को अंजाम देने के लिए बाहरी गुंडों को इकठ्ठा कर राजमहल के खिलाफ बड़ी साजिश रची। यह हमला केवल एक परिवार या महल पर नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और महिलाओं की गरिमा पर खुला हमला है। पुलिस की कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग अब जनता की जुबान पर है।
गंभीर धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
सक्ति थाना पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराएं 296, 351(3), 115(2), 333, 74, 303(2), 61(2)(।), 190(2) के साथ-साथ एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(ब)(1), 03(1)(द)(ध), 3(2)(क) कायम कर विवेचना विवेचना में लिया है।
मास्टरमाइंड सहित अन्य की गिरफ्तारी जल्द
पुलिस अधीक्षक सक्ती के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई है, जिसमें एसडीओपी मनीष कुंवर के नेतृत्व में थाना प्रभारी अनवर अली, सउनि मथुरा मन्नेवार, आरक्षक शब्बीर मेमन, महिला आरक्षक आफशा परवीन सहित टीम सक्रिय रूप से फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटना बेहद संगीन है, पुलिस प्रशासन इस पर सख्त रवैया अपनाए हुए है। जो भी आरोपी फरार हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
” मनीष कुंवर एसडीओपी सक्ती “


घटना बेहद संगीन है, पुलिस प्रशासन इस पर सख्त रवैया अपनाए हुए है। जो भी आरोपी फरार हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

